समस्तीपुर: जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत बथनाहा हाईस्कूल के पीछे स्थित पोखर में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान रोसड़ा थाना क्षेत्र के शंकरपुर निवासी प्रवीण मंडल के पुत्र आर्यन मंडल के रूप में हुई है।
बताया जाता है कि आर्यन मंडल अपने ननिहाल बथनाहा गांव में स्व. शिवनाथ मंडल के घर रहकर पढ़ाई करता था। बुधवार को वह बथनाहा हाईस्कूल के पीछे स्थित पोखर की ओर गया था। इसी दौरान वह पोखर में डूब गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद पोखर से उसका शव बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पोखर के पास छठ घाट भी स्थित है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बच्चे की मौत की खबर से बथनाहा सहित उसके ननिहाल और पैतृक गांव शंकरपुर में शोक का मांहौल है।