oplus_0
लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर प्रखंड अंतर्गत नत्थुद्वार बुजुर्ग पंचायत की तस्वीर आने वाले दिनों में बदलने वाली है। क्षेत्र को औद्योगिक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ी पहल शुरू हुई है। नत्थुद्वार में बड़े पैमाने पर औद्योगिक हब विकसित करने की योजना है। इसी क्रम में वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक डॉ. मंजरीक मृणाल ने प्रस्तावित औद्योगिक स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध भूमि, औद्योगिक स्थापना की संभावनाओं तथा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का जायजा लिया।

विधायक ने बताया कि नत्थुद्वार पंचायत में लगभग 480 एकड़ भूमि उपलब्ध कराए जाने की योजना है, जहां विभिन्न प्रकार के उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। इस औद्योगिक क्षेत्र में कई बड़ी कंपनियों द्वारा निवेश किए जाने की संभावनाएं हैं। यदि यह योजना धरातल पर उतरती है तो खानपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के बड़े अवसर भी पैदा हो सकते हैं।

विधायक डॉ. मंजरीक मृणाल ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और महानगरों की ओर पलायन करना पड़ता है। इससे परिवारों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका प्रयास है कि वारिसनगर विधानसभा क्षेत्र में ही रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों, ताकि यहां के युवा अपने घर और परिवार के बीच रहकर सम्मानजनक रोजगार प्राप्त कर सकें।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर उद्योगों की स्थापना होने से न केवल शिक्षित युवाओं को रोजगार मिलेगा, बल्कि स्थानीय मजदूरों, तकनीकी कर्मियों और छोटे कारोबारियों के लिए भी रोजगार एवं व्यवसाय के नए रास्ते खुलेंगे। उद्योगों के विकास से परिवहन, व्यापार, बाजार, आवास और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

पिता के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प
राजनीतिक और विकासात्मक दृष्टिकोण से भी इस पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। डॉ. मंजरीक मृणाल पूर्व विधायक अशोक कुमार मुन्ना के पुत्र हैं। उन्होंने अपने पिता के पदचिह्नों पर चलते हुए क्षेत्र के विकास और उनके अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया है। विधायक बनने के बाद से ही वे अपने विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को सुनने और विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।

गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान रोजगार और विकास का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया था। तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी रोजगार को लेकर जनता के बीच अपनी बात रखी थी। ऐसे में नत्थुद्वार में औद्योगिक हब स्थापित करने की पहल को रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।

औद्योगिक विकास से बदलेगी इलाके की आर्थिक तस्वीर
नत्थुद्वार में प्रस्तावित औद्योगिक हब केवल खानपुर प्रखंड तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव आसपास के पंचायतों और पूरे विधानसभा क्षेत्र पर पड़ने की उम्मीद है। उद्योग स्थापित होने से स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने के साथ-साथ छोटे दुकानदारों, परिवहन संचालकों, ठेकेदारों और अन्य व्यवसायों को भी लाभ मिल सकता है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रस्तावित 480 एकड़ भूमि पर योजनाबद्ध तरीके से उद्योग स्थापित होते हैं तो खानपुर की पहचान कृषि आधारित क्षेत्र से आगे बढ़कर एक औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी विकसित हो सकती है। इससे क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

स्थल निरीक्षण के दौरान बालेश्वर राय, शिव नारायण राय, अधिवक्ता टुन्ना जी, ब्रजेश कुमार राय, त्रिपुरारी झा, मुखिया प्रतिनिधि सह जदयू नेता ललित सहनी, नत्थुद्वार पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उमर आलम, भाजपा नेता निरंजन राय, विनोद झा, पीए मनोज कुमार, मोहम्मद तोहिद,जदयू नेता उमेश महतो, अजय सहनी, राम शंकर राय, प्रकाश कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने नत्थुद्वार में औद्योगिक हब स्थापित करने की पहल का स्वागत करते हुए विधायक डॉ. मंजरीक मृणाल के प्रति आभार व्यक्त किया।

अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस महत्वाकांक्षी योजना के धरातल पर उतरने पर टिकी हैं। यदि 480 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित औद्योगिक परियोजना साकार होती है तो यह खानपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए विकास, रोजगार और आर्थिक समृद्धि का नया अध्याय साबित हो सकती है।
