लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर। दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर खानपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी प्रिया आर्याणी ने की। बैठक में प्रखंड एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं शांति समिति के सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान दोनों प्रमुख पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष शिवपूजन कुमार ने कहा कि गृह विभाग के निर्देशानुसार किसी भी प्रकार के सार्वजनिक आयोजन, कार्यक्रम अथवा जुलूस के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाइसेंस लेना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस के किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही पर्व के दौरान प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने कहा कि दीपों का पर्व दीपावली और लोक आस्था का महापर्व छठ हर्ष, उल्लास एवं आस्था का प्रतीक है। इन पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दीपावली के दौरान पटाखे एवं अन्य ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करने की अपील करते हुए कहा कि पटाखे भीड़भाड़ वाले स्थानों, घरों के आसपास तथा संवेदनशील जगहों पर नहीं जलाएं। बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी तरह की लापरवाही से बचें।

बैठक की अध्यक्षता कर रहीं अंचलाधिकारी प्रिया आर्याणी ने छठ पर्व की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि खानपुर प्रखंड क्षेत्र में कुल 77 छठ घाट चिह्नित किए गए हैं। इनमें कुछ घाट संवेदनशील श्रेणी में हैं, जबकि अधिकांश घाट सामान्य श्रेणी के हैं। सभी घाटों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन कार्य कर रहा है।

उन्होंने बताया कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आपदा मित्रों की नियुक्ति की गई है। कुछ घाटों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को गहरे पानी एवं खतरनाक स्थानों की ओर जाने से रोका जा सके। इसके अतिरिक्त महिलाओं की सुविधा एवं निजता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक घाटों पर चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।

अंचलाधिकारी ने अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि छठ घाटों पर अत्यधिक भीड़ रहने की संभावना को देखते हुए वे अपने बच्चों पर विशेष नजर रखें। बच्चों को अकेले पानी के नजदीक नहीं जाने दें। श्रद्धालु भी प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हो।

बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दीपावली एवं छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। सभी लोगों से आपसी सहयोग, सामाजिक सद्भाव एवं जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की गई।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या अफवाह की जानकारी तत्काल संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को दें।
