लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट।
(समस्तीपुर)। प्रखंड क्षेत्र के शाहपुर भगवती स्थान परिसर में चल रहे नौ दिवसीय नवाह महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा वाचन का रविवार को धार्मिक वातावरण और उल्लास के बीच भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित कलश विसर्जन समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कलश विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो पंचायत क्षेत्र के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए बूढ़ी गंडक तटबंध के रास्ते शाहपुर पुल घाट पहुंची, जहां विधिवत कलश विसर्जन के साथ समारोह का समापन किया गया।

शोभायात्रा में रथ पर सवार भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इसके अलावा विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक शामिल रहे।

इस अवसर पर कथावाचक आचार्य संजय शास्त्री ने कहा कि धार्मिक अनुष्ठान केवल आध्यात्मिक शांति का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का भी कार्य करता है। ऐसे आयोजनों से आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक एकता मजबूत होती है।

रविवार की रात सात बजे से प्रसिद्ध भजन एवं गजल गायक तथा कीर्तन सम्राट धीरज कांत के भजन-कीर्तन एवं गायन का आयोजन किया गया। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। पूरे दिन शाहपुर भगवती स्थान परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

समारोह में मुख्य यजमान सिद्धार्थ सिद्धू, कथावाचक आचार्य संजय शास्त्री, महंत रामनरेश झा, राकेश झा, उदय झा, कामेश्वर झा, पूर्व पंचायत समिति सदस्य धर्मेंद्र झा, पर्यावरण प्रेमी त्रिपुरारी झा, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक पासवान, श्याम कांत झा, अंकित, नितेश, दर्शन झा, नीतीश, शिवम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
