लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर। खानपुर प्रखंड क्षेत्र के हसनपुर पंचायत अंतर्गत विक्रमपट्टी भोला चौक स्थित मां काली मंदिर में दीपावली के अवसर पर श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मां काली की पूजा-अर्चना की जा रही है। यहां काली पूजा समिति द्वारा पिछले करीब 14 वर्षों से लगातार मां काली की पूजा-अर्चना एवं भव्य मेले का आयोजन किया जा रहा है।

बताया जाता है कि वर्ष 2012 में दीपावली के अवसर पर मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना के साथ मंदिर की भी स्थापना की गई थी। तभी से यह परंपरा लगातार चली आ रही है। प्रत्येक वर्ष दीपावली के मौके पर यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। पूजा के साथ आयोजित मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानें, झूले, खिलौने एवं खान-पान की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी रहती हैं। मेले में आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं।

खास बात यह है कि यहां वर्षों पुरानी परंपरा में बदलाव करते हुए अब बकरियों की बलि नहीं दी जाती है। इसके स्थान पर श्रद्धालु मां काली को नारियल अर्पित कर प्रतीकात्मक बलि देते हैं। वहीं, कुछ श्रद्धालु चांदी से निर्मित बकरी की प्रतिमा बनवाकर मां के चरणों में चढ़ाते हैं। समिति की यह पहल धार्मिक आस्था के साथ-साथ एक अलग संदेश भी देती है।

पूजा के मुख्य यजमान कमलेश कुमार राय हैं। वहीं पूजा-अर्चना में पंडित गोपाल झा की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

इस आयोजन को सफल बनाने में सूर्य नारायण सहनी,पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, दिनेश प्रसाद महतो, राजेश प्रसाद सहनी, विक्की कुमार राय, अशोक कुमार ठाकुर, विजय सहनी, बमभोला सिंह, पिंटू सिंह, मनोज कुमार राय, जगदेव राय एवं नवनीत राय सहित अन्य ग्रामीण एवं समिति के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

मुख्य यजमान सह पैक्स अध्यक्ष कमलेश कुमार राय ने बताया कि मां काली के प्रति लोगों की अटूट आस्था है। वर्ष 2012 से शुरू हुई पूजा की यह परंपरा आज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है। प्रत्येक वर्ष पूजा एवं मेले के आयोजन में ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिलता है।
