लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर। प्रखंड क्षेत्र में गैर-संचारी रोगों की पहचान, रोकथाम एवं जागरूकता को लेकर बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर सहित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कैंप मोड में व्यापक स्वास्थ्य जांच अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान समाचार लिखे जाने तक 427 लोगों की जांच की जा चुकी थी। जांच के दौरान हाइपरटेंशन, डायबिटीज, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर सहित गर्भाशय ग्रीवा कैंसर को लेकर स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। जांच का कार्य देर तक जारी रहा।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राणा नितेश कुमार सिंह एवं डॉ. शिशुपाल की देखरेख में नर्सिंग एवं वाइटल डेस्क पर 187 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। महिलाओं की जांच एएनएम मीरा कुमारी, अनुपम कुमारी, विभा कुमारी एवं मौसम भारती द्वारा की गई। महिलाओं में स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग की गई। वहीं ग्रेड अवार्ड सिस्टर पुष्पा कुमारी द्वारा भी स्क्रीनिंग कार्य में सहयोग किया गया।

ओरल कैंसर एवं दंत रोग से संबंधित जांच प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राणा नितेश कुमार सिंह द्वारा की गई। जांच के दौरान तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने वाले लोगों को नशा छोड़ने तथा दांतों की नियमित सफाई रखने की सलाह दी गई। ब्लड प्रेशर एवं डायबिटीज से पीड़ित मरीजों को आवश्यकतानुसार दवा भी उपलब्ध कराई गई।

प्रखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर खानपुर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेंद्र कुमार वर्मा, देवड़ा में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी श्री मांगीलाल, कुदारघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी रानी सिंह, 52 घाट में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी पल्लवी कुमारी तथा इलमासनगर में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शबनम के नेतृत्व में ऑन-ड्यूटी एएनएम के सहयोग से बड़े स्तर पर गैर-संचारी रोगों की जांच की गई।

अभियान के दौरान लोगों को गैर-संचारी रोगों के लक्षण, समय पर जांच कराने, नियमित दवा लेने और जीवनशैली में सुधार के प्रति जागरूक किया गया। स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग के दौरान किसी महिला में स्तन में गांठ का मामला सामने नहीं आया।वहीं ‘स्वच्छता ही सेवा’ संकल्प के तहत प्रखंड विकास पदाधिकारी के निर्देश पर स्वच्छता कर्मियों का भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर में गैर-संचारी रोगों की जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

पूरे अभियान की मॉनिटरिंग प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक राकेश रंजन द्वारा की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने बताया कि इस तरह के कैंप का उद्देश्य बीमारियों की समय रहते पहचान कर लोगों को आवश्यक उपचार एवं चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है। जांच एवं स्क्रीनिंग का कार्य समाचार लिखे जाने तक जारी था।
