लोकेशन, समस्तीपुर
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता।
समस्तीपुर/जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन एवं प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले में योजना के तहत अब तक हुई प्रगति, प्राप्त आवेदनों, लाभुकों को योजना से जोड़ने, रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना तथा लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजना के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और उनके समाधान की भी जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर के माध्यम से स्वच्छ, सस्ती एवं टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र एवं इच्छुक परिवारों को योजना के लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आवेदन से लेकर सोलर रूफटॉप सिस्टम की स्थापना तक की पूरी प्रक्रिया को सरल, सुगम और समयबद्ध बनाने का निर्देश दिया गया।

डीएम ने स्पष्ट किया कि योजना के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने योजना की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी अनुश्रवण करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में योजना के प्रचार-प्रसार, लाभुकों को जागरूक करने, आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, सोलर सिस्टम की स्थापना में तेजी लाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

बैठक में विद्युत आपूर्ति प्रमंडल समस्तीपुर, दलसिंहसराय एवं रोसड़ा के कार्यपालक अभियंता सहित विद्युत विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी, योजना से जुड़े आपूर्तिकर्ता एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
