समस्तीपुर, 10 सितंबर 2026। आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में परिवहन विभाग से संबंधित लंबित चालानों के त्वरित एवं सुगम निष्पादन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय परिसर से जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को लंबित चालानों के निष्पादन के लिए उपलब्ध विशेष सुविधा तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में जानकारी प्रदान करेगा।

जिला प्रशासन एवं जिला परिवहन कार्यालय की ओर से बताया गया है कि वाहन स्वामी 07 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक जिला परिवहन कार्यालय, समस्तीपुर में उपस्थित होकर अपने लंबित चालानों की 50 प्रतिशत राशि जमा कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के भीतर इस विशेष सुविधा का लाभ उठाकर चालान की राशि जमा करने वाले वाहन स्वामियों को 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में सशरीर उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी।

राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 12 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक सदर अनुमंडल कार्यालय, समस्तीपुर के प्रांगण में किया जाएगा।

जिलाधिकारी एवं जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के सभी वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का लाभ उठाते हुए अपने लंबित चालानों का समयबद्ध तरीके से निष्पादन कराएं।

जागरूकता वाहन के रवानगी के अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्त्ता श्री ब्रजेश कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री प्रवीण कुमार, अपर जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सौरभ कुमार सहित जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
