oplus_4194304
लोकेशन, खानपुर समस्तीपुर
धर्म विजय गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर। खानपुर प्रखंड क्षेत्र के रेवड़ा चौक स्थित फैमिली लाइन होटल परिसर सहित अन्य जगहों पर रविवार को अग्नि सुरक्षा एवं जन-जागरूकता को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान अग्निशमन विभाग की टीम ने पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र के माध्यम से आग पर काबू पाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

मॉक ड्रिल के दौरान होटल कर्मियों एवं स्थानीय लोगों को आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल बचाव एवं सुरक्षा के उपाय अपनाने की जानकारी दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने बताया कि आग लगने की शुरुआती स्थिति में सही तरीके से अग्निशमन यंत्र का इस्तेमाल कर बड़े हादसे को रोका जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र को चलाने की पूरी प्रक्रिया को मौके पर करके दिखाया गया। लोगों को बताया गया कि अग्निशमन यंत्र को सुरक्षित तरीके से पकड़कर आग के स्रोत की ओर किस प्रकार उसका इस्तेमाल किया जाता है। साथ ही गैस सिलेंडर, बिजली के शॉर्ट सर्किट एवं अन्य कारणों से लगने वाली आग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी गई।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने होटल संचालकों एवं कर्मियों से अपील की कि होटल, दुकान, प्रतिष्ठान एवं घरों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें। विशेष रूप से गैस सिलेंडर, विद्युत उपकरण एवं ज्वलनशील पदार्थों के इस्तेमाल में सावधानी बरतें तथा प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र को हमेशा चालू एवं उपयोग योग्य स्थिति में रखें।

इस अवसर पर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी ज्योति कुमारी सहित नागेंद्र कुमार गौतम, अशोक कुमार, विनोद कुमार एवं संतोष कुमार ने लोगों को जानकारी दी। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को आग से बचाव, आग लगने के संभावित कारणों तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य लोगों को केवल अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना ही नहीं, बल्कि आपात स्थिति में स्वयं तथा आसपास के लोगों की सुरक्षा करते हुए प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पाने के लिए सक्षम बनाना भी था। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और होटल कर्मियों ने अग्निशमन यंत्र के प्रयोग की प्रक्रिया को समझा और अधिकारियों से अग्नि सुरक्षा से जुड़े विभिन्न सवाल भी पूछे।

अग्निशमन विभाग की इस पहल से स्थानीय लोगों में अग्नि सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी। अधिकारियों ने कहा कि सावधानी, जागरूकता और समय पर सही कदम उठाकर आग से होने वाले जान-माल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

मौके पर ग्रामीण विश्वजीत पांडे,छोटू कुमार चौधरी,कुंदन कुमार,राज कुमार चौधरी, राज किशोर चौधरी, राजा कुमार,मनोरंजन कुमार,रौशन यादव,विभीषण महतो,मोनू कुमार चौधरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे ।
