लोकेशन, दलसिंहसराय
समस्तीपुर: जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के पगड़ा गांव के पास एसएच-88 पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक इंटर की छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान पांड पंचायत निवासी उमेश महतो की पुत्री अंजलि कुमारी के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, अंजलि कुमारी रोज की तरह अपने घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी। इसी दौरान पगड़ा के पास एसएच-88 पर तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।अंजलि की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों के अनुसार, अंजलि पढ़ाई को लेकर गंभीर थी और रोजाना की तरह कोचिंग के लिए घर से निकली थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा गया। लोगों ने एसएच-88 पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और फरार ट्रक चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। कोचिंग के लिए घर से निकली अंजलि वापस नहीं लौट सकी। घटना के बाद पूरे इलाके में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
