समस्तीपुर/खानपुर। विभागीय निर्देश के आलोक में बुधवार को खानपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने मॉडल स्कूल उच्च विद्यालय सिरोपट्टी खतूआहा का निरीक्षण किया। इस दौरान विभाग द्वारा निर्धारित 96 बिंदुओं के आधार पर विद्यालय की शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं आधारभूत संरचना से संबंधित व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय के विभिन्न कक्षाओं, कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं के साथ भी बातचीत कर पढ़ाई की स्थिति और विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए किस प्रकार बेहतर उपयोग किया जा रहा है, इसकी भी जानकारी ली गई।
बीडीओ विजय कुमार चंद्रा ने बताया कि निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं एवं शैक्षणिक व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय समेत सभी कक्षाओं में शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के बीच गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को और बेहतर कैसे बनाया जाए, इस पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट विभाग को भेजी जा रही है।
छात्रों ने शिक्षकों की कमी की समस्या बताई
निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में विषयवार शिक्षकों की कमी की समस्या भी बीडीओ के समक्ष रखी। छात्रों ने बताया कि संस्कृत तथा इंटर स्तर पर सामाजिक विषय के शिक्षक उपलब्ध नहीं होने के कारण संबंधित विषयों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। छात्रों ने इन विषयों के लिए पर्याप्त संख्या में शिक्षकों की व्यवस्था कराने की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा विद्यार्थियों ने विद्यालय की चारदीवारी, निर्माणाधीन कमरों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने, साइकिल स्टैंड की व्यवस्था, खेलकूद सामग्री उपलब्ध कराने, शौचालय सहित अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं की भी जानकारी दी। छात्रों और विद्यालय की ओर से बताई गई इन समस्याओं को निरीक्षण प्रतिवेदन में शामिल कर विभाग को भेजने की बात कही गई।
छात्रों की कम उपस्थिति पर जताई चिंता
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति भी कम पाई गई। इस पर बीडीओ ने चिंता व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रबंधन को छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक पहल करने को कहा।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यालय में कमजोर छात्रों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ऐसे विद्यार्थियों को अतिरिक्त समय देकर विषयों की बेहतर समझ विकसित कराने की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि पढ़ाई में कमजोर छात्र भी अन्य विद्यार्थियों के साथ आगे बढ़ सकें।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की उपलब्धियों के साथ-साथ सामने आई कमियों को भी दर्ज किया गया। बीडीओ ने कहा कि निरीक्षण में प्राप्त जानकारी एवं विद्यालय से संबंधित आवश्यकताओं को विभागीय प्रतिवेदन में शामिल कर संबंधित विभाग को भेजा जा रहा है, ताकि आवश्यक स्तर पर कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं अन्य संबंधित कर्मी मौजूद रहे।