बिहार हेड,धर्म विजय प्रसाद गुप्ता
बहती गंगा टीवी
समस्तीपुर/जिले के खानपुर में टीबी मुक्त भारत अभियान एवं हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को खानपुर प्रखंड में चिन्हित टीबी मरीजों के बीच निक्षय किट का वितरण किया गया। इस दौरान सभी 35 चिन्हित टीबी मरीजों को निक्षय मित्रों, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य सहयोगियों के सहयोग से तैयार की गई निक्षय किट उपलब्ध कराई गई। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक मरीज को एक-एक तिरंगा झंडा भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक मरीज को निक्षय किट के साथ आठ किलो अनाज, गंजी एवं गमछा प्रदान किया गया। वहीं तिरंगा देकर मरीजों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में राष्ट्रध्वज फहराने और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने कहा कि टीबी मरीजों को उपचार के दौरान पोषण एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। निक्षय मित्रों के सहयोग से मरीजों को दी जा रही सहायता निश्चित रूप से उनके उपचार में मददगार साबित होगी। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत मरीजों के बीच तिरंगा वितरण कर उन्हें भी राष्ट्र के इस गौरवपूर्ण अभियान से जोड़ा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और उन्हें बीमारी से लड़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राणा नितेश कुमार सिंह ने कहा कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है। मरीज चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवा लें और अपना उपचार बीच में नहीं छोड़ें। उन्होंने कहा कि उपचार के साथ पौष्टिक आहार भी बेहद महत्वपूर्ण है। निक्षय मित्रों द्वारा उपलब्ध कराया जा रहा पोषण सहयोग मरीजों के लिए काफी उपयोगी है। उन्होंने आम लोगों से टीबी के प्रति जागरूक होने तथा मरीजों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने की अपील की।

वहीं समाजसेवी राकेश कुमार झा ने मरीजों के बीच वितरित की गई सामग्री की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद मरीजों की सहायता करना समाज के हर सक्षम व्यक्ति की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि निक्षय मित्रों के सहयोग से मरीजों को पोषण सामग्री उपलब्ध कराना मानवता की मिसाल है। साथ ही हर घर तिरंगा अभियान के तहत प्रत्येक मरीज को तिरंगा देकर उन्हें भी स्वतंत्रता दिवस के उत्सव से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है।

कार्यक्रम में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खानपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी खानपुर, बीपीएम जीविका खानपुर, पंचायती राज पदाधिकारी खानपुर, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी खानपुर सहित विभिन्न पंचायतों के मुखिया एवं खानपुर प्रखंड के चिन्हित निक्षय मित्र उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई कि टीबी मरीजों के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाएं। मरीजों को सामाजिक रूप से अलग-थलग करने के बजाय उनका हौसला बढ़ाएं और उपचार पूरा करने में सहयोग करें। वहीं हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों को राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

निक्षय मित्रों का सहयोग, पोषण सहायता और हर घर तिरंगा अभियान का यह संयुक्त प्रयास खानपुर में स्वास्थ्य जागरूकता के साथ सामाजिक एकजुटता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश देता नजर आया।
