लोकेशन, समस्तीपुर समाहरणालय
बिहार हेड, धर्म विजय प्रसाद गुप्ता।
माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा आज दिनांक 27 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11 बजे पटना स्थित बापू सभागार में “समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान” का शुभारंभ किया गया। उक्त कार्यक्रम का लाइव प्रसारण जिलाधिकारी, समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में देखा गया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह, डीपीएम जीविका श्री विक्रांत कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं जीविका से जुड़ी लाभुक महिलाएं उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” के तहत महिला लाभुकों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत 4 लाख महिला लाभुकों के खाते में प्रथम किस्त के रूप में ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से राशि का अंतरण किया गया। वहीं, 1 लाख महिला लाभुकों को द्वितीय किस्त के रूप में ₹20,000 प्रति लाभुक की दर से राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, जीविका निधि के माध्यम से 1 लाख लाभुकों को ₹10,000 प्रति लाभुक की दर से ऋण भी उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार द्वारा संचालित योजनाएं अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। महिला लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही वित्तीय सहायता से उन्हें स्वरोजगार एवं विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़ने में मदद मिलेगी। इससे न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि परिवार की आय में भी वृद्धि होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि महिला सशक्तीकरण एवं रोजगारपरक योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

कार्यक्रम में उपस्थित महिला लाभुकों ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्राप्त वित्तीय सहायता का उपयोग वे स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देने में करेंगी, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी।
