लोकेशन समस्तीपुर
बिहार हेड,धर्म विजय प्रसाद गुप्ता
समस्तीपुर/समरसता, समानता और मानवता का संदेश देने वाले संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मोरदिवा पंचायत भवन परिसर में विशेष ‘संत रविदास शिविर’ का आयोजन किया गया। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग तथा बिहार महादलित विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर का उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद लोगों तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों ने संत शिरोमणि रविदास जी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान संत रविदास जी के विचारों और उनके द्वारा दिए गए सामाजिक समानता एवं भाईचारे के संदेश को याद किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि संत रविदास जी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां जाति, धर्म और वर्ग के आधार पर किसी के साथ भेदभाव न हो तथा सभी को समान अधिकार और सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन भी इसी समतामूलक सोच के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने शिविर को प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों की समयबद्ध समीक्षा कर नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति सहित जरूरतमंद परिवारों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचाने पर प्रशासन का विशेष जोर है।

शिविर परिसर में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पंचायती राज, समाज कल्याण, राजस्व, आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग सहायता पटल लगाए गए थे। इन पटलों पर ग्रामीणों ने पेंशन, राशन कार्ड, आवास योजना, छात्रवृत्ति, भूमि संबंधी समस्याओं, स्वास्थ्य जांच तथा कृषि से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवेदन दिया। अधिकारियों एवं कर्मियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष मामलों के निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।

शिविर में पुलिस अधीक्षक, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष, प्रखंड उप प्रमुख तथा स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मंगलेश कुमार ने किया। अंत में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अधिकारियों, विभागीय कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया। शिविर के दौरान ग्रामीणों में सरकारी योजनाओं की जानकारी लेने और अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर काफी उत्साह देखा गया।
