बिहार हेड,धर्म विजय गुप्ता
समस्तीपुर। शहर के मालगोदाम क्षेत्र की रहने वाली अनुष्का रानी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर उसके नाना राधेश्याम राय ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को आवेदन देकर अनुष्का के पिता अरुण कुमार, उसकी दूसरी पत्नी गुंजा कुमारी समेत अन्य लोगों पर हत्या में संलिप्त होने का आरोप लगाते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, अनुष्का की मां चंदा रानी की वर्ष 2015 में आग से झुलसने के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद अनुष्का और उसका भाई नाना के पास रहने लगे। वर्ष 2019 में बच्चों के भरण-पोषण को लेकर पारिवारिक न्यायालय में मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि बाद में अरुण कुमार अनुष्का को अपने साथ ले गया, जहां उसकी सौतेली मां के साथ अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।नाना का आरोप है कि अनुष्का पर उसकी इच्छा के विरुद्ध शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। 8 अगस्त को मारपीट के बाद अरुण कुमार ने फोन कर अनुष्का की तबीयत खराब होने और डॉक्टर के यहां भर्ती होने की सूचना दी, लेकिन वहां पहुंचने पर कोई मरीज नहीं मिला। इसके बाद परिजन मालगोदाम स्थित घर पहुंचे तो घर में ताला लगा मिला।परिजनों ने 112 पर सूचना दी। देर रात पुलिस विक्रमपुर बांदे स्थित अरुण कुमार के पैतृक घर पहुंची, जहां से अनुष्का का शव पुलिस ने कब्जे में लिया।राधेश्याम राय ने अरुण कुमार, गुंजा कुमारी और अन्य लोगों पर मिलकर अनुष्का की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, इस मामले में एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी (FIR) दर्ज नहीं हुई है।
