लोकेशन,,,,,, समस्तीपुर
बिहार हेड (बहती गंगा),,,धर्म विजय प्रसाद गुप्ता।
(समस्तीपुर): खानपुर थाना क्षेत्र के समना गांव में 80 वर्षीय वृद्ध बच्चा झा ने गांव के ही दो लोगों पर गला घोंटकर हत्या का प्रयास, हँसुआ से हमला तथा गोली मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में पुलिस से प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।पीड़ित बच्चा झा के अनुसार, 25 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे शम्भू राय और बुच्ची राय उनके घर पहुंचे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान दोनों ने गाली-गलौज करते हुए रस्सी से उनका गला घोंटने का प्रयास किया। विरोध करने पर हँसुआ से हमला किया गया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई।

बच्चा झा का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उन्हें और उनके पुत्र को गोली मारने की धमकी भी दी। शोरगुल सुनकर उनके पुत्र विपिन झा और भतीजे राम भूषण झा मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।

घटना की सूचना तत्काल डायल-112 को दी गई। पुलिस के निर्देश पर घायल वृद्ध का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खानपुर में कराया गया। पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांचोपरांत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
