लोकेशन, समस्तीपुर
धर्म विजय गुप्ता।
समस्तीपुर/जिले में 07 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक संचालित “मिशन परिवार विकास अभियान” पखवाड़ा के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान अभियान के अंतर्गत संचालित दंपति संपर्क एवं सामुदायिक उत्प्रेरण पखवाड़ा तथा परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा के सफल संचालन के लिए विभागवार तैयारियों एवं कार्ययोजना की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य पात्र दंपतियों तक परिवार नियोजन से संबंधित सेवाओं, उपलब्ध साधनों एवं विकल्पों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि लोग अपनी आवश्यकता एवं सुविधा के अनुसार परिवार नियोजन के साधनों का लाभ उठा सकें।

उन्होंने विशेष रूप से स्वास्थ्य विभाग, आईसीडीएस, आशा कार्यकर्ताओं एवं आंगनबाड़ी सेवाओं सहित सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र दंपतियों एवं आमजन को अभियान से जोड़ने तथा उन्हें परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों के संबंध में जागरूक करने का निर्देश दिया।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि योग्य लाभार्थियों को परिवार नियोजन की उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं साधनों की जानकारी समय पर मिले तथा इच्छुक लाभार्थियों को आवश्यक सेवाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

बैठक में सिविल सर्जन, समस्तीपुर डॉ. राजीव कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, आईसीडीएस श्रीमती सुनीता कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
