लोकेशन,खानपुर समस्तीपुर
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर/खानपुर। प्रखंड के 19 पंचायतों में कार्यरत स्वच्छता पर्यवेक्षकों की बैठक शनिवार को पुराने प्रखंड मुख्यालय परिसर में बिहार प्रदेश स्वच्छता पर्यवेक्षक संघ, खानपुर इकाई के तत्वावधान में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वच्छता पर्यवेक्षक यशवंत कुमार चौधरी ने की। इस दौरान स्वच्छता पर्यवेक्षकों को नियमित मानदेय भुगतान सहित विभिन्न मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पर्यवेक्षकों ने बताया कि स्वच्छता पर्यवेक्षकों के लिए 9,000 रुपये मासिक मानदेय निर्धारित किए जाने की बात कही जाती है, जबकि वर्तमान में बिहार सरकार की ओर से 7,000 रुपये का भुगतान किया जा रहा है। शेष 2,000 रुपये केंद्र सरकार की ओर से मिलने की बात कही गई है, लेकिन अब तक इसका भुगतान नहीं होने की शिकायत पर्यवेक्षकों ने की।

पर्यवेक्षकों ने मानदेय का नियमित एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही डिजिटल कार्यों को पूरा करने के लिए मोबाइल फोन उपलब्ध कराने तथा मोबाइल रिचार्ज की सुविधा देने की मांग भी रखी।बैठक में स्वच्छता पर्यवेक्षकों ने कहा कि उन्हें कार्य के दौरान दैनिक भत्ता भी नहीं दिया जाता है। संघ के सदस्यों ने सरकार से जीवन बीमा, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सेवा अवधि पूरी होने के बाद मिलने वाले लाभ का प्रावधान करने की मांग की।

पर्यवेक्षकों ने कहा कि दो अलग-अलग माध्यमों से मानदेय भुगतान की व्यवस्था के बजाय एक ही माध्यम से नियमित एवं समय पर भुगतान किया जाना चाहिए, ताकि उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े।बैठक में रामबाबू शर्मा, सुबोध सहनी, रंजन कुमार, नवीन कुमार, आदित्य कुमार सिंह, मनोज पासवान, रामनगिना राम, विजय शंकर चौधरी, मनीष कुमार, छोटन साफी, मुरारी पोद्दार सहित खानपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के स्वच्छता पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
