लोकेशन, समाहरणालय समस्तीपुर
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर, 19 सितंबर 2026। जिलाधिकारी, समस्तीपुर द्वारा शनिवार को विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान, समस्तीपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला निरीक्षण समिति के अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने संस्थान में आवासित बच्चों की देखरेख, संरक्षण, स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं उन्हें उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संस्थान की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

विदित हो कि विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान में 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के अनाथ, परित्यक्त एवं अभ्यर्पित बच्चों को आवासित कर उनकी समुचित देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास की व्यवस्था की जाती है। जिन बच्चों के माता-पिता अथवा परिवार का पता नहीं चल पाता है, उन्हें निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया तथा केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के नियमानुसार योग्य दत्तक माता-पिता को गोद दिए जाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाल संरक्षण एवं दत्तक ग्रहण से संबंधित विषयों पर आमजनों के बीच जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों के संरक्षण एवं सुरक्षित भविष्य के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है।आम नागरिकों से अपील की गई कि यदि उन्हें कहीं कोई अनाथ, बेसहारा अथवा परित्यक्त बच्चा मिलता है, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर दें, ताकि बच्चे को समय पर आवश्यक देखरेख, संरक्षण एवं पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
