खानपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत बुधवार, 1 अक्टूबर को प्रखंड कार्यालय परिसर में एक घंटे के श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने की। इस दौरान प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने हाथों में झाड़ू लेकर स्वयं प्रखंड परिसर की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड परिसर में स्वच्छता शपथ के साथ हुई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने वर्ष में 100 घंटे अथवा प्रत्येक सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर अपने घर, आसपास के क्षेत्र और कार्यस्थल को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के लिए आवश्यक कार्य करने की शपथ ली।
इसके बाद पूरे प्रखंड कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। परिसर में बिखरे कचरे, सिंगल यूज प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर साफ किया गया। पदाधिकारियों और कर्मियों ने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना जरूरी है। घर के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों, कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सामूहिक श्रमदान के माध्यम से लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।
राजस्व अधिकारी प्रिया आर्याणी ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए साफ-सफाई के साथ-साथ प्लास्टिक कचरे का उचित प्रबंधन भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने की अपील की।
प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संजीव कुमार ने कहा कि स्वच्छता अभियान को पंचायत स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नियमित रूप से श्रमदान करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के बाद स्वच्छता कर्मियों एवं उपस्थित पदाधिकारियों द्वारा प्रखंड परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। पौधरोपण के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा, राजस्व अधिकारी प्रिया आर्याणी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी संजीव कुमार, कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, कार्यालय कर्मी, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं स्वच्छता कर्मी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।