लोकेशन,कल्याणपुर समस्तीपुर।
धर्म विजय प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर, 19 सितंबर 2026।
समस्तीपुर/भारतीय जनता पार्टी के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री संजय सरावगी जी एवं आदरणीय संगठन महामंत्री श्री भीखूभाई दलसानिया जी के आदेशानुसार संगठनात्मक जिला समस्तीपुर उत्तरी के अंतर्गत कल्याणपुर दक्षिणी मंडल में श्री राजन कुमार सिंह एवं कल्याणपुर पश्चिमी मंडल में श्री दीपक कुमार गुप्ता को जिलाध्यक्ष श्रीमती नीलम सहनी जी के द्वारा मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

विदित हो कि पूर्व मंडल अध्यक्ष विजयशंकर ठाकुर,ओमप्रकाश कुशवाहा एवं अन्य पदाधिकारी के विरुद्ध पिछले लगभग एक वर्ष से पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता,विगत विधानसभा चुनाव के दौरान गठबंधन धर्म के विपरीत सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने,NDA प्रत्याशी के विरोध में वोट माँगना तथा केंद्रीय एवं जिला नेतृत्व के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं।

चुनाव के बाद भी सोशल मीडिया पर पार्टी की मर्यादा के विपरीत टिप्पणियों के साथ-साथ संगठनात्मक दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही की शिकायतें मिलीं। इनमें मंडल प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन नहीं करना तथा सरल ऐप पर कार्यक्रमों की ऑनलाइन रिपोर्टिंग नहीं करना प्रमुख रूप से शामिल है।

पार्टी नेतृत्व द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को कई बार समझाया गया एवं मार्गदर्शन दिया गया तथा अपने आचरण में सुधार का अवसर भी प्रदान किया गया। इसके बावजूद अपेक्षित सुधार नहीं होने के कारण प्रदेश नेतृत्व स्तर पर उनके आचरण एवं संगठनात्मक अनुशासन के विषय में विचार-विमर्श किया जा रहा था।इसी क्रम में पार्टी के विरुद्ध लगातार की जा रही गतिविधियों को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को यह आशंका हुई कि प्रदेश नेतृत्व द्वारा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसी संभावना के बीच उन्होंने कार्रवाई से पूर्व ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया और षड़यंत्र के तहत पार्टी नेतृत्व पर विभिन्न निराधार आरोप लगाने शुरू कर दिए।

भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट करती है कि संगठनात्मक अनुशासन, गठबंधन धर्म एवं पार्टी की मर्यादा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पार्टी के विरुद्ध अनुशासनहीन गतिविधियों को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध संगठनात्मक अनुशासन के अनुरूप कार्रवाई की जा सकती है।नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों से अपेक्षा है कि वे संगठन को मजबूत करने, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने तथा पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
