समस्तीपुर
बिहार हेड,,, धर्म विजय प्रसाद गुप्ता।
समस्तीपुर/खानपुर,बिहार वृक्ष दिवस के अवसर पर शुक्रवार को खानपुर प्रखंड परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा के नेतृत्व में फलदार एवं छायादार वृक्षों को राखी और रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया गया। इस पहल के माध्यम से लोगों को पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बीडीओ विजय कुमार चंद्रा ने कहा कि “एक वृक्ष एक उम्मीद है, जो स्वच्छ पर्यावरण और स्वच्छ भविष्य प्रदान करता है।” उन्होंने कहा कि प्रकृति की सुरक्षा करना केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी का सामूहिक दायित्व है। ईश्वर से मिली प्रकृति रूपी अनुपम भेंट की सुरक्षा एवं संरक्षण बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का सशक्त आधार हैं। वृक्ष हमें ऑक्सीजन देने के साथ-साथ पर्यावरण को संतुलित रखने, गर्मी कम करने, वर्षा चक्र को बनाए रखने तथा जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रकृति जितनी समृद्ध और सुरक्षित होगी, मानव जीवन उतना ही स्वस्थ एवं खुशहाल रहेगा।

बीडीओ ने कहा कि वृक्षों में रक्षा सूत्र बांधना महज एक प्रतीकात्मक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता और जिम्मेदारी को दर्शाता है। जिस प्रकार हम अपने परिवार के सदस्यों की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार पेड़-पौधों की सुरक्षा और देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा करने की अपील की।

कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने भी वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। सभी ने कहा कि पौधारोपण के साथ उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। पेड़ बचेंगे तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, बेहतर पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।

इस मौके पर आवास पर्यवेक्षक चंदन कुमार, पंचायत सचिव राजकुमार सिंह, कार्यपालक सहायक सामाजिक सुरक्षा विकास कुमार, प्रखंड स्वच्छता समन्वयक मोहम्मद अशरफ अली, आवास अकाउंटेंट चंदन कुमार झा, जयकांत पासवान, मोहम्मद शाहनवाज, नरेश राय एवं त्रिपुरारी कुमार झा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी ने वृक्षों में रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।
