लोकेशन, समस्तीपुर
धर्म विजय गुप्ता की रिपोर्ट।
समस्तीपुर। राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत गुरुवार को समस्तीपुर जिला मुख्यालय पर महागठबंधन के घटक दलों की ओर से आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महागठबंधन के जिला संयोजक सह राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने की। संचालन भाकपा जिला मंत्री सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना ने किया, जबकि विषय प्रवेश भाकपा-माले के जिला मंत्री प्रो. उमेश कुमार तथा धन्यवाद ज्ञापन माकपा जिला मंत्री रामाश्रय महतो ने किया।
प्रदर्शन के दौरान महागठबंधन नेताओं ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में अपराध, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है तथा अराजकता की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर खतरा मंडरा रहा है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी नेताओं ने गंभीर आरोप लगाए। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठ रहे हैं और उनका आरोप है कि मुख्य चुनाव आयुक्त केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने ज्ञानेश कुमार से इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि वे इस्तीफा नहीं देते हैं तो सरकार को उन्हें बर्खास्त करना चाहिए।

इसके बाद महागठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया।
कार्यक्रम में राजद, कांग्रेस, भाकपा, भाकपा-माले, माकपा, वीआईपी, आईआईपी सहित महागठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से रोमा भारती, रामाश्रय महतो, सुरेंद्र कुमार सिंह मुन्ना, प्रो. उमेश कुमार, सिद्धार्थ क्षत्रिय, रामचंद्र महतो, सुधीर कुमार देव, चंद्रिका प्रसाद सिंह, विपिन सहनी, राकेश कुमार ठाकुर, सत्यविंद पासवान, राजेश्वर महतो, राम विनोद पासवान, ललन यादव, पप्पू यादव, हेमंत कुमार, अरविंद कुमार दास, आदर्श कुमार पिंटू सहित महागठबंधन के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
