बिहार हेड, धर्म विजय प्रसाद गुप्ता।
समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में हत्या का प्रयास और जान से मारने की धमकी का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक तलअत फरीदा दिनमनपुर उत्तरी पंचायत की मुखिया के पति मोहम्मद परवेज आलम ने थाना अध्यक्ष को आवेदन देकर गांव के दो युवकों पर कथित तौर पर हत्या की नीयत से उनके घर के सामने पहुंचने, गाली-गलौज करने और फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

थाना में दिए आवेदन के अनुसार, परवेज आलम की पत्नी तलअत फरीदा दिनमनपुर उत्तरी पंचायत की निर्वाचित मुखिया हैं। आवेदन में उन्होंने आरोप लगाया है कि हरिटोल दिनमनपुर निवासी वीरेंद्र यादव उर्फ बिल्ला, जो पूर्व से उनके तथा उनकी पत्नी के खिलाफ विवाद चल रहा है, 15 अगस्त 2026 की रात करीब 8:45 बजे मोटरसाइकिल से उनके घर के सामने पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।

आवेदन के मुताबिक, शोर सुनकर जब परवेज आलम घर से बाहर निकले तो आरोपी ने कथित तौर पर सड़क से ही दो राउंड फायरिंग की। इस दौरान उन्होंने घर की दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े,जिसके बाद आरोपी कथित तौर पर अपनी गाड़ी छोड़कर भाग गया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, सूचना मिलने पर खानपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कथित रूप से छोड़ी गई गाड़ी को जब्त कर लिया। आवेदन में दावा किया गया है कि पुलिस ने वाहन की डिक्की की जांच की,जिस दौरान तीन बोतल पेट्रोल तथा दो जिंदा गोलियां बरामद कीं। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि आरोपी उन्हें, उनकी पत्नी अथवा परिवार के किसी सदस्य को जान से मारने की नीयत से वहां पहुंचे थे।

आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि वीरेंद्र यादव के भाई सुधीर यादव ने कुछ महीने पहले मोबाइल नंबर 7888445768 से शिकायतकर्ता के मोबाइल नंबर 7903258445 पर जान से मारने की धमकी दी थी। शिकायतकर्ता का कहना है कि दोनों भाई पूर्व से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी देते रहे हैं।

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने खानपुर थाना अध्यक्ष से मामले में उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर से जांच की जानी है। आरोपों की पुष्टि और घटना की वास्तविक परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।
