oplus_0
समस्तीपुर। जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतमलपुर गांव में शुक्रवार की संध्या काली ब्रह्म पूजा से लौट रहे श्रद्धालुओं पर कुछ उपद्रवी तत्वों द्वारा कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में महिलाओं और किशोरियों समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि दो किशोरियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सतमलपुर मोइन निवासी राम कुमार राम की पुत्री का विवाह समारोह था। विवाह की पारंपरिक रस्म के तहत परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और मोहल्ले के लोग काली ब्रह्म पूजा के लिए घर से निकले। सबसे पहले सभी ने ब्रह्म स्थान पर पूजा-अर्चना की, जिसके बाद बाजा-बाजे के साथ सतमलपुर ढाब स्थित काली स्थान पहुंचकर विधिवत पूजा संपन्न की।

बताया जाता है कि पूजा के बाद सभी श्रद्धालु सड़क मार्ग से आजाद चौक स्थित शिव मंदिर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान शेखटोली के समीप पहले से घात लगाए बैठे दर्जनों युवकों ने जुलूस को रोक लिया और कथित रूप से बाजा बंद कर वापस बांध की ओर से जाने का दबाव बनाने लगे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब पूजा में शामिल लोगों ने कहा कि सड़क सार्वजनिक है और वे इसी रास्ते से जाएंगे, तो विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि इसके बाद उपद्रवी युवकों ने महिलाओं, लड़कियों और बच्चों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
इस हमले में आधा दर्जन से अधिक महिलाएं और अन्य लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल होने वालों में अंकिता कुमारी (15 वर्ष), पिता- रंजीत राम तथा क्रांति कुमारी (16 वर्ष), पिता- दिनेशी राम, दोनों निवासी सतमलपुर वार्ड संख्या-12 शामिल हैं।

दोनों को पहले एक निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल-112 टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वारिसनगर थाना अध्यक्ष सर्वेश झा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।

पीड़ित पक्ष ने वारिसनगर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपितों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
